राष्ट्रपति चुनाव की तैयारियां ज़ोरों-शोरों पर है इसी बीच उप राष्ट्रपति के चुनाव की तारीखों का भी ऐलान हो गया है। वाइस प्रेसिडेंट के पद के लिए 6 अगस्त 2022 को चुनाव होगा। यदि किसी का निर्विरोध निर्वाचन नहीं हुआ तो उसी दिन मतदान के बाद वोटों की गिनती कराई जाएगी। आपको बता दे कि उप राष्ट्रपति पद के लिए लोकसभा और राज्यसभा के सांसद वोट डालते हैं।
इससे पहले, राष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए NDA और UPA के उम्मीदवार घोषित किए जा चुके हैं। राष्ट्रपति पद के लिए एनडीए की तरफ से महिला आदिवासी नेता द्रौपदी मुर्मू खड़ी है तो विपक्ष की ओर से प्रत्याशी के तौर पर यशवंत सिन्हा को नामित किया है। दोनों उम्मीदवार अपने नामांकन दाखिल कर चुके हैं और अब अपने लिए समर्थन जुटाने में लगे हैं।
यह चुनाव भारत का 16वां उप राष्ट्रपति चुनाव होगा। भारत के वर्तमान उप राष्ट्रपति वेंकैया नायडू का कार्यकाल 10 अगस्त 2022 को खत्म हो रहा है। संविधान के अनुच्छेद 68 के अनुसार, उप राष्ट्रपति का कार्यकाल पूरा होने के पहले इस पद के लिए निर्वाचन कराया जाना ज़रूरी है।
बुधवार को मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार, चुनाव आयुक्त अनूप चंद्र पांडेय औऱ अन्य पदाधिकारियों की बैठक हुई। इसके बाद वाइस प्रेसिडेंट पद के लिए चुनाव की तारीखों का ऐलान किया गया।