पूरी दुनिया जहाँ कोरोना महामारी से जूझ रही है, वहीं पाकिस्तान अब तक पोलियो से ही नहीं उबर पाया है। पाकिस्तान में पोलियो का आख़िरी केस जनवरी 2021 में आया था। पाकिस्तान इस बात का जश्न मना रहा था कि देश में पोलियो पर उसने जीत पा ही ली है लेकिन ठीक 15 महीने बाद पाकिस्तान में पोलियो ने फिर दस्तक दे दी है। ख़बरों के मुताबिक़ पाकिस्तान के उत्तरी वजीरिस्तान में 15 महीने के लड़के में टाइप -1 वाइल्ड पोलियोवायरस (WPV1) के एक मामले की पुष्टि हुई है।
पाकिस्तान के नए पीएम शहबाज शरीफ ने ट्वीट किया, “देश में पोलियो के एक मामले के उभरने पर चिंतित हूं। पोलियो का उन्मूलन एक बड़ी उपलब्धि थी जिसे निरंतर प्रयासों के माध्यम से संभव बनाया गया था। इस लड़ाई में कई पोलियो कार्यकर्ताओं ने अपनी जान गंवाई। मैंने पोलियो पर राष्ट्रीय कार्य बल की एक बैठक बुलाई है।”
पाकिस्तान के पोलियो उन्मूलन कार्यक्रम के लिए राष्ट्रीय आपातकालीन अभियान केंद्र के समन्वयक शहजाद बेग ने शुक्रवार शाम ट्वीट किया, “यह बताते हुए बहुत दुख हो रहा है कि उत्तरी वजीरिस्तान में एक 15 महीने के बच्चे को लकवा मार गया है।”