नेशनल हेराल्ड केस से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में आज ईडी कांग्रेस की अध्यक्ष सोनिया गांधी से पूछताछ कर रही है। इस पूछताछ का कांग्रेस पार्टी पुरजोर तरीके से विरोध कर रही है। आपको बता दे कि सुबह से ही देश भर के कांग्रेस नेता राजधानी दिल्ली में इकट्ठा हुए हैं।
जैसे ही सोनिया गांधी से पूछताछ का समय नजदीक आया ये कार्यकर्ता सड़कों पर आ गए। दिल्ली समेत पूरे देश में कांग्रेस कार्यकर्त्ता जमकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। इस विरोध प्रदर्शन में सचिन पायलट और राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत समेत देश भर के कई दिग्गज कांग्रेसी नेता शामिल थे। इतना ही नहीं महिला कार्यकर्त्ता भी पीछे हटने का नाम नहीं ले रही हैं। अब खबर आ रही है कि दिल्ली पुलिस ने विरोध कर रहे इन कांग्रेसी नेताओं को हिरासत में ले लिया है। हिरासत में लिए गए कांग्रेस नेताओं में अशोक गहलोत और सचिन पायलट का नाम भी शामिल है। कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन और पुलिस से झड़प की तस्वीरें और वीडियो अभी चर्चा का विषय बने हुए हैं।
कांग्रेस नेताओं ने जताई नाराज़गी
दरअसल सोनिया गांधी से ईडी की पूछताछ पर कई कांग्रेसी नेताओं ने नाराजगी जताई है। कांग्रेस नेता शशि थरूर ने इसे अन्याय बताया और कहा, ये अन्याय चल रहा है और अन्याय की राजनीति नहीं होनी चाहिए। वहीं अशोक गहलोत ने कहा कि सोनिया गांधी वह महिला हैं जिनकी सास और पति देश के लिए शहीद हो गए। सरकार को इतनी शर्म नहीं आती है कि आप किसके साथ किस तरह का व्यवहार कर रहे हैं। ED वाले उनके घर जाकर बयान ले सकते थे, कई बार ऐसा किया गया है कि ED घर जाकर बयान लेती है।
ईडी द्वारा पहले सोनिया गांधी को 23 जून के लिए दूसरा समन जारी किया गया था, लेकिन वह उस तारीख पर पेश नहीं हो सकीं, क्योंकि वह बीमार थी। दरअसल कोविड-19 और फेफड़ों में संक्रमण के कारण अस्पताल में भर्ती होने के बाद डॉक्टरों ने उन्हें घर पर आराम करने की सलाह दी थी।
Written By
Yasmin